फतेहपुर। किसान को बंधक बनाकर मारपीट करने वाले राईस मिल मालिक के खिलाफ पीड़ित परिवार ने एसपी से शिकायत की है। एसपी ने बिंदकी कोतवाल को कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के महरहा निवासी प्रतिभा ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि किसान पिता अरुण कुमार लोधी अनाज खरीदने का काम करते हैं। एक साल पहले बिंदकी के फरीदपुर मोड़ स्थित राईस मिल में 11 लाख रुपये का धान बेचा था। मिल मालिक रुपये देने के लिए टरका रहा है।
24 नवंबर को रुपये देने के बहाने से मिल मालिक ने पिता को बुलाया। मिल मालिक और उनके भाइयों ने पिता को बंधक बनाकर पीटा। चेक बुक का बैग छीन लिया। प्रतिभा ने आरोप लगाया कि मिल मालिक ने दबाव बनाकर चेक पर पिता से हस्ताक्षर भी करा लिए हैं। घायल पिता का नर्सिंग होम भर्ती हैं। पुलिस ने मामूली धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। एसपी ने मामले में सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
विवाद में युवक का सिर फोड़ा
बिंदकी। कोतवाली के फरीदपुर मोड़ स्थित शराब ठेके में सोमवार की रात गौरी निवासी रामबाबू शराब खरीदने पहुंचे थे। रामबाबू ने बताया कि सेल्समैन ने पांच रुपये अधिक काट लिए। उसने रुपये वापस मांगे। सेल्समैन ने गाली गलौज की और उसका लोहे की रॉड से हमला कर सिर फोड़ दिया। कोतवाल एसबी सिंह ने बताया कि जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)
-------