फतेहपुर। जैश-ए-मोहम्मद का आतंकी हबीबुल इस्लाम उर्फ सैफुल्ला (19) का घर शहर के घनी आबादी वाले सैय्यदवाड़ा मोहल्ले में है। उसके पिता जफरूल इस्लाम एक मदरसे में शिक्षक हैं।
वह मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं, लेकिन सैफुल्ला फतेहपुर में जन्मा है। उसके पिता बिहार से करीब ढाई दशक पहले परिवार के साथ फतेहपुर में आए थे। यहां मुस्लिम इंटर कॉलेज के पीछे हिस्से में बने मदरसे में पढ़ाते हैं।
पिता जफरूल ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार प्रांत के जिला मोतिहारी कस्बा रामगढ़वा गांव अधकपरिया के रहने वाले हैं। करीब 25 साल पहले फतेहपुर आए थे। सैफुल्ला ने 2018 में इटावा शहर स्थित मदरसे से हिब्ज की पढ़ाई पूरी की थी।
उसके बाद गुजरात के भरूच जिले में 2019 से 2021 आलिम की पढ़ाई पूरी करने चला गया था। वह रमजान के पहले फतेहपुर आया था। वह घर में कम ही रहता था। जफरूल ने बताया कि बेटे को पढ़ाई पूरी करने के लिए गुजरात जाने के लिए कई बार कहा, लेकिन वह नहीं गया था।
इस बात से वह नाराज रहते थे। उनके पास रविवार सुबह करीब सात लखनऊ से एक इंस्पेक्टर ने फोन किया। फोन पर उन्होंने बताया कि उनका बेटा आतंकी गतिविधियों में गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा बेटे की कोई जानकारी नहीं हैं। सीओ सिटी दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि एटीएस से किसी प्रकार का इनपुट मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।