इंस्पेक्टर संतोष कुमार शर्मा। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
खागा। कोतवाली खागा में तैनात रहे इंस्पेक्टर संतोष कुमार शर्मा को केंद्रीय गृह मंत्रालय से मेडल मिलेगा। पूरे देश में चयनित 151 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों में संतोष कुमार शर्मा का नाम शामिल किया गया है। दुष्कर्म और हत्या के मामले में उन्हें तेजी से विवेचना की थी। अदालत ने इस मामले में 70 दिन में फैसला सुनाया था। संतोष कुमार इस समय कौशांबी के चरवा थाने में प्रभारी निरीक्षक के पद पर तैनात हैं।
पिछले वर्ष 15 अक्टूबर को खागा कोतवाली क्षेत्र में दो साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। प्रकरण दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण बेहद ही संवेदनशील हो गया था। तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक खागा संतोष कुमार शर्मा व उनकी टीम ने इस घटना में आरोपी को गिरफ्तार किया था। 22 अक्टूबर को आरोपी दिनेश पासवान के खिलाफ 69 पेज की चार्जशीट दाखिल की थी। पुलिस ने इस प्रकरण में बहुत ही तेजी से पैरवी की थी। महज 70 दिन में इस केस का फैसला आ गया था। इसमें दोषी को मृत्युदंड की सजा दी गई थी। उत्कृष्ट विवेचना करने पर संतोष कुमार शर्मा को 26 जनवरी को डीजीपी की ओर से मेडल देकर सम्मानित किया गया था।