फतेहपुर। यूपी 112 में तैनात सिपाही के साथ एक युवक ने मारपीट कर वर्दी फाड़ दी। जातिसूचक शब्द बोलकर गाली-गलौज की। विरोध करने पर युवक ने पत्नी को आगे कर दिया और गलत आरोप लगाकर फंसाने की धमकी दी।
कोतवाली क्षेत्र के बाइक पीआरवी में तैनात राजकिशोर निवासी खुर्रमपुर पोस्ट तेरामल्लू कन्नौज का निवासी है। सिपाही का आरोप है कि राधानगर चौकी क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान रमवां गांव पहुंचा था। उसके साथ होमगार्ड गोविंद प्रसाद मौर्य भी था। श्यामू मौर्या अपने घर के सामने खड़ा होकर गाली-गलौज कर रहा था। मना करने पर सिपाही के साथ गाली-गलौज और हाथापाई की। मारपीट कर उसकी वर्दी फाड़ दी। नेमप्लेट पढ़ने के बाद जातिसूचक शब्द बोले। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।