सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ महिला के साथ टप्पेबाज। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
बिंदकी। टप्पेबाज एक महिला को झांसे में फंसाकर डेढ़ लाख का माल उड़ाकर भाग निकले। चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में टप्पेेबाज कैद हो गए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
महरहारोड निवासी रीता देवी अपने भतीजे शिवा का इलाज कराने सीएचसी गई थी। इलाज कराने के बाद गुरुवार को घर जाते समय तहसील रोड पर टार्सन ट्रेडर्स के पास बाइक सवार खड़े दो टप्पेबाजों में एक महिला के पास पहुंचा। महिला ने बताया कि एक युवक बोला कि उसके घर में रखे सोने के जेवरात में खोट है। इनका शुद्धीकरण करना पड़ेगा। ऐसा नहीं करने पर उसके पति को जान का खतरा है। यह सुनने के बाद रीता देवी घर से 45 सौ रुपये नगद, सोने के दो जोड़ी झुमके, सोने के टॉप्स, सोने का मंगलसूत्र और चांदी की एक जोड़ी पायल लेकर पहुंच गई।
टप्पेबाज झांसा देकर उसे रोडवेज बस स्टॉप की तरफ ले गए। वहां पीपल के पेड़ की सात बार परिक्रमा लगाने को कहा। रीता देवी परिक्रमा लगाने लगी। कुछ देर बाद उसने देखा कि बाइक सवार टप्पेबाज मौके से गायब हैं। महिला को बातों में उलझाने के दौरान गांधी चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में एक टप्पेबाज कैद हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवकों का पता लगाना शुरू किया है। कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है।