हुसैनगंज। फतेहपुर-रायबरेली हाईवे पर बुुधवार रात एक युवक का पुलिया के नीचे बोर में भरकर फेंका गया शव बरामद हुआ। गला घोंटकर हत्या के बाद शव फेंकने की आशंका जताई गई है। पुलिस शव की शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के कढ़ीवा गांव के पास की पुलिया के नीचे पड़े बोरे से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। थानाध्यक्ष रणजीत बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे। जूट के बोरे को बाहर निकला गया। बोरे में करीब 35 साल के युवक का शव मिला। उसके शरीर पर आसमानी रंग की शर्ट व नीली जींस थी। गले में रस्सी की रगड़ के निशान थे। बोरे में शव फेंकने से साफ होता है कि हत्या के बाद शव छिपाने के लिए फेंका गया है। पुलिस ने जिले और सीमावर्ती जिलों के थानों में मृतक का फोटो भेजा है। इससे कहीं युवक की गुमशुदगी दर्ज होगी तो शव की पहचान हो सकेगी। थानाध्यक्ष रणजीत बहादुर सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।