चौडगरा। बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर कुछ लोगों ने हमला कर तोड़फोड़ की। विरोध पर मालिक को पीट दिया। 10 हजार रुपये लूटने का भी आरोप है। पीड़ित ने तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है।
कल्यानपुर थानाक्षेत्र के मौहार गांव निवासी विजय कुमार की चौडगरा-बिंदकी रोड पर अलीपुर हनुमान मंदिर के सामने बिल्डिंग मैटेरियल की है। विजय कुमार ने बताया कि कुछ मजदूरों को उन्होंने अपने यहां काम पर रखा था। बिंदकी के रहने वाला एक व्यक्ति अपने मकान का काम कराने के लिए उनके मजदूर ले जाना लगा तो मजदूरों ने काम करने से मना कर दिया। तभी गुरुवार दोपहर वह मजदूरों को जबरन ले जाने के लिए आया। विरोध करने पर उसने अपने 15-20 साथियों को बुला लिया। दुकान में तोड़फोड़ और उनके साथ मारपीट की। इसी दौरान 10 हजार रुपये छीन लिए। प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि एक पक्ष की तहरीर मिली है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। जांच के बाद कार्रवाई होगी।