फतेहपुर। जिला कारागार में आजीवन कारावास की सजा काट रहे बंदी की मंगलवार सुबह अचानक हालत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। जेल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों ने अचानक मौत होने पर संदेह जताया है। परिजनों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की बात कही है।
असोथर थाना क्षेत्र के ऐंझी गांव निवासी शिवसरन दुबे उर्फ मुंशी की मंगलवार सुबह हालत बिगड़ने पर जेल अस्पताल से जिला अस्पताल को रेफर किया गया। जिला अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। बंदी के चचेरे भाई रामपूजन द्विवेदी ने बताया कि करीब तीन दशक पहले गांव में एक युवक की हत्या हुई थी। उसी मामले मेें मुंशी नामजद था।
फतेहपुर न्यायालय से आजीवन कारावास की सजा हुई थी। सजा के बाद हाईकोर्ट से जमानत पर छूटे थे। करीब 4 साल पहले हाईकोर्ट ने सजा बहाल की थी। जिसके बाद फिर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। तभी से सजा काट रहे थे। कुछ दिन पहले मुलाकात की थी। उनकी तबियत ठीक ठाक थी। अचानक कैसे हालत बिगड़ी और मौत हो गई यह समझ नहीं आ रहा है। जेल अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि बंदी काफी दिनों से बीमार चल रहा था। तभी इलाज दौरान मौत हुई है।