फतेहपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मसवानी मोहल्ले के कालिकन मंदिर के पीछे नई बस्ती में सोमवार की रात चोरों ने तीन घरों में हाथ साफ किया। तीनों घरों का ताला तोड़कर नगदी और सामान समेत हजारों का माल उठा ले गए। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
अहमदगंज मोहल्ला निवासी वेद प्रकाश द्विवेदी दिल्ली में सूबेदार के पद पर तैनात हैं। यहां कालिकन मंदिर के पीछे नई बस्ती में उनका मकान है। सोमवार की रात चोर नगदी समेत हजारों का सामान उठा ले गए। चोरी की सूचना मिलने पर दिल्ली से आए वेद प्रकाश द्विवेदी ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि सोमवार की रात चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर के अंदर घुसे। पानी की मोटर, गैस सिलिंडर, बर्तन व अन्य सामान के अलावा 27 हजार रुपये नगद उठा ले गए। वहीं, पड़ोसी शिवाकांत के घर का ताला तोड़कर चोर हजारों का सामान उठा ले गए। इसके अलावा एक और मकान का ताला टूटा है। यह परिवार भी यहां नहीं रहता है।
इन घरों के पड़ोस में ही राजेश सोनी और नीरज सोनी के निर्माणाधीन मकानों में भी सोमवार की रात चोरियां हुई थी। मोहल्ले के एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोर कैद हुए हैं। चार चोर कैमरे में दिखाई दे रहे हैं। चारों मफलर से चेहरे को छिपाए हैं। आरोपी घरों से करीब रात एक बजे सामान लेकर जाते दिख रहे हैं। सीओ सिटी संजय सिंह ने बताया कि चोरियों की जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
बिलारीमऊ गांव के चौकीदार के निर्माणाधीन मकान में चोरी हो गई। बिलारीमऊ गांव निवासी शिवमंगल पासवान असोथर थाने में चौकीदार है। चोरों ने निर्माणाधीन घर में रखे बक्से में चार हजार नकदी, तीन बोरी चावल, एक जोड़ी तोडिया उठा ले गये। शिवमंगल ने तहरीर थाने में दी है। उधर, भैरवां गांव निवासी राजेश कुमार के घर से 67 हजार की नगदी चोरी हुई है।