फतेहपुर में नारकोटिक्स विभाग द्वार तस्करी कर ले जाई जा रही अफीम की बोरियां।
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। लॉकडाउन के बाद भी मादक पदार्थों की तस्करी जारी है। हाईवे पर मंगलवार रात नारकोटिक्स सेल लखनऊ की टीम ने तस्करी कर झारखंड से पंजाब ले जाई जा रही अफीम की खेप पकड़ी है। साठ किलो अफीम के साथ एक तस्कर गिरफ्तार हुआ है। आरोपी ने माल झारखंड के एक तस्कर का होना कबूला है। टीम ने थरियांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के टीम लीडर इंस्पेक्टर पंकज दुबे ने बताया कि कानपुर की ओर अफीम की बड़ी खेप आने की सूचना पर वह सिपाही रामेश्वर दास, मनीष सिंह, अवधेश, मंजीत के साथ देर शाम थरियांव थाने के हसवा पहुंचे। हसवा चौकी पुलिस के साथ हाईवे पर वाहनों की चेकिंग शुरू की। तेज रफ्तार डीसीएम को रोका। डीसीएम के केबिन की छत पर अफीम के चार बोरे बरामद किए। डीसीएम चालक भूपेंद्र सिंह (47) पुत्र अजीत सिंह (निवासी थनेसुर जिला कुरुक्षेत्र हरियाणा) को गिरफ्तार किया। टीम की पूछताछ में सामने आया कि माल झारखंड के बड़ही गांव से लादा गया था। माल की डिलीवरी पंजाब में होनी थी। सारा माल पिंटू डॉगी (निवासी गिधौर थाना चतरा झारखंड) का है। टीम के मुताबिक साठ किलो माल बरामद हुआ है। जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक है। थरियांव थानेदार विनोद कुमार ने बताया कि तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है।