फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के पीरनपुर इलाके में शुक्रवार को दो पक्षों में मारपीट, फायरिंग के मामले में पुलिस ने 18 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। दोनों पक्षों के चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पांच लोगों का शांति भंग में चालान किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पीरनपुर मोहल्ले में बलवे के मामले में एक पक्ष से मोहम्मद नफीस की पत्नी नफीसा खातून ने मोहल्ले के शकील के बेटे अद्दी उर्फ सानू, लल्लन, मुन्ना के बेटे आफताब, महबूब, छोटू, महबूब के बेटे इरफान, सलमान, रिजवान, गुफरान व दस-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट, छेड़खानी, बलवा, धमकी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नफीसा का आरोप है कि उसके पति शुक्रवार शाम घर में नहीं थे। तभी आरोपियों ने तमंचा, फावड़ा, कुल्हाड़ी, लाठी डंडा लेकर हमला बोल दिया। ससुर मोहम्मद अनीस, सास आयशा खातून को गाली गलौज मारपीट करने लगे। ननद, देवर मोहम्मद तौसीफ को पीटा। नफीसा ने बताया कि वह गर्भवती है। उसके साथ भी मारपीट की गई।
दूसरे पक्ष से अमीर अहमद की पत्नी आलिया ने अनीस के बेटे नफीस, शफीक, सिद्दीक के बेटे सद्दाम, इरफान, शानू, रियाज, लाला, बाबू, आदिल पर छेड़खानी, बलवा, मारपीट, धमकी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि वह लोग 27 फरवरी की रात कौशांबी उर्स से वापस लौट रहे थे।
शाम करीब पांच बजे नफीस, अनीस, शफीक, लाला घर की महिलाओं को देखकर छींटाकशी करने लगे। रास्ते में छींटाकशी की, गाली गलौज की । इसकी शिकायत 28 फरवरी को पुलिस से की गई। इसी खुन्नस में मारपीट की। महिलाओं को बाल पकड़ कर बाहर घसीट लाए। फायरिंग की गई।
मामले में पुलिस ने एक पक्ष से सद्दाम, शफीक और दूसरे पक्ष के शकील और आजाद को गिरफ्तार किया है। वहीं मोहम्मद सगीर, मोहम्मद तौसीफ, सिद्दकी, मोहम्मद वसीम, मोहम्मद अनीस का शांति भंग चालान किया गया है। कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि छानबीन कर कार्रवाई की जा रही है।