अमौली (फतेहपुर)। शादी समारोह में शामिल होने चांदपुर जा रहे भाजपा किसान मोर्चा के मंडल मंत्री कमलेश निषाद का शव गुरुवार को भरसा मोड़ के पास खंती में मिला। शव बाइक के नीचे दबा था। वह पांच दिन से लापता थे। कानपुर के सजेती थाने में परिवार ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। कानपुर पुलिस भी जांच को आई। परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है।
कानपुर सजेती थाना क्षेत्र के असवार मऊ निवासी झंडू निषाद के बेटे कमलेश निषाद (35) अपने घर से 23 नवंबर को बाइक से निकले थे। उन्हें यहां चांदपुर थाने के केवटरा गांव में एक शादी समारोह में पहुंचना था। वह शादी समारोह में नहीं पहुंचे। खोजबीन में कोई सुराग नहीं लगा तो कमलेेश की पत्नी मीना ने सजेती थाने में
गुमशुदगी दर्ज कराई। इधर, गुरुवार को चांदपुर थाने के भरसा मोड़ पर खंती में ग्रामीण दुर्गंध फैलने पर पहुंचे। बाइक के नीचे शव दबा देखकर सनसनी फैल गई। पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर सजेती पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने परिजनों को खबर दी। कानपुर देहात एसपी प्रद्युम्न सिंह, सजेती थानेदार देवेंद्र सिंह सोलंकी जांच को पहुंचे। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने भी छानबीन की। पत्नी मीना का हाल बेहाल दिखा। कमलेश का एक बेटा और
तीन बेटियां अरुण, लक्ष्मी, सलोनी, आरती हैं। मीना ने पति की हत्या किए जाने की आशंका जाहिर की है। चांदपुर एसओ नाहर सिंह ने बताया कि भरसा में काफी घुमावदार मोड़ है। आशंका जताई जा रही है कि अनियंत्रित होने से वह बाइक समेत खंती में गिर पड़े। आसपास सन्नाटा रहता है। हादसा कोई नहीं देख पाया होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम गुरुवार को नहीं हो सका।