फतेहपुर। बांदा-टांडा हाईवे पर शनिवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे एक गिट्टी लदे ट्रक ने साइकिल सवार छात्रा को कुचल दिया। कानपुर ले जाते समय उसकी मलवां के पास मौत हो गई। इससे गुस्साई भीड़ ने ट्रक में आग लगा दी। हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे बाद काबू पाया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मलाका गांव निवासी वासुदेव पाल भेड़ पालक है। वासुदेव की बेटी शीलू पाल (16) न्यू हैप्पी डेल हॉयर सेकंड्री स्कूल बक्सपुर में हाईस्कूल की छात्रा थी। रोज की तरह साइकिल से स्कूल जा रही थी।
शहर कोतवाली के राधानगर नहर पुलिया किनारे दोनों तरफ पेड़ गिरे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक छात्रा के साथ दो और छात्राएं साइकिल से थीं। लकड़ी होने की वजह से छात्रा शीलू रोड पर पहुंची तभी कबरई (महोबा) से
शहर की ओर आ रहे गिट्टी लदे ट्रक ने पीछे से साइकिल में टक्कर मार दी। छात्रा और साइकिल ट्रक के पिछले पहिए के नीचे दब गए। शरीर का एक हिस्सा कुचल गया। लोगों ने राहगीर के वाहन से छात्रा को जिला अस्पताल
भेजा। यहां से कानपुर ले जाते समय छात्रा की मौत हो गई। इधर, भीड़ को गुस्से में देखकर चालक, खलासी खेत की ओर भागे। गुस्साए लोगों ट्रक के केबिन में ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी गई। पीआरवी और
कोतवाली पुलिस के पहुंचते ही भीड़ इधर-उधर हो गई। दमकल को आग पर काबू पाने में करीब एक घंटे लग गए। क्रेन से ट्रक को हटवाकर यातायात बहाल कराया जा सका। पुलिस ने शव को मार्च्युरी में रखवाया। कोतवाल
जितेंद्र सिंह ने बताया कि आग लगाने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। ट्रक मालिक के आने पर कार्रवाई की जाएगी। परिजनों की तहरीर पर ट्रक चालक पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।