फतेहपुर। जिले के एक महाविद्यालय की छात्रसंघ नेत्री से दुष्कर्म मामले में बसपा के जोनल कोआर्डिनेटर राजू गौतम पर केस दर्ज किया गया है। इन पर अश्लील वीडियो क्लिप बनाने, ब्लैकमेल करने, धोखा देकर शादी करने सहित कई अन्य आरोप हैं। पीड़िता करीब एक साल से अफसरों व महिला आयोग तक का दरवाजा खटखटा चुकी थी। अब कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
छात्रसंघ नेत्री का आरोप है कि कई साल पहले आरोपी ओमकारनाथ उर्फ राजू गौतम उसके घर आना-जाना हो गया था। पीड़िता का आरोप है कि एक दिन अकेला पाकर राजू गौतम ने उससे दुष्कर्म किया। गुपचुप तरीके से अश्लील वीडीयो क्लिप बना ली। इसके बाद ब्लैकमेल कर शारीरिक शोषण करने लगे। उसने परिवार वालों को
बताने की बात कही तो राजू गौतम ने शादी का झांसा दिया। इलाहाबाद में 24 अक्तूबर 2007 में उपनिबंधक कार्यालय में कोर्ट मैरिज की। बाद में पता लगा कि आरोपी पहले से शादीशुदा है। उसने इसका विरोध किया। उसने वीडियो वायरल करने की धमकी दी और रुपये मांगने लगा। मामले की कई बार पहले भी पुलिस अधिकारियों से
शिकायत कर चुकी है। कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। आरोपी बसपा जोनल कोआर्डिनेटर है। वह कौशांबी जिले के सैनी थाने डोरमा अटसरांय निवासी है। कोतवाल जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में घर में घुसकर दुष्कर्म समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।