फतेहपुर। नौकरी के नाम पर ठगने वालों पर सख्त कार्रवाई न होने से घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। शहर कोतवाली में एक और मामला दर्ज किया गया है। दुबई में नौकरी दिलाने के लिए 95 हजार रुपये की ठगी का आरोप है। मामले में एक शख्स और दुबई में चालक की नौकरी करने वाले उसके पुत्र ने एक युवक को शिकार बनाया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के बाकरगंज बैलाही बाजार निवासी मोनिस खान ने बताया कि बेलदरइया मोहल्ले का मोहसिन दुबई में चालक है। उसके पिता राशिद ने दुबई में सुपर मार्केट में पैकिंग काम का वीजा दिलाने के लिए आठ माह पहले तीस हजार रुपये लिए थे। तीन माह पहले राशिद का बेटा मोहसिन घर आया। उसने 65 हजार रुपये लिए। उसे 22 मई को टूरिस्ट वीजा देकर दुबई भेज दिया। वापसी का नकली टिकट भी दिया। वहां काम नहीं मिला। काम न लगने पर रुपये वापस करने की बात कही। वह चार जून को घरवालों के टिकट भेजने पर वापस घर लौट सका। आरोपियों से रुपये वापसी की मांग की। मामले की चौकी में शिकायत की थी। चौकी में एक माह में रुपये लौटाने की बात कही थी। इसके बाद भी रुपये नहीं दिए। पुलिस ने मामले में राशिद और मोहसिन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।