बहुआ। कस्बे के ललौली रोड बाजार में पुलिस ने मिलावटी तेल की बड़ी खेप पकड़ी है। सदर एसडीएम प्रमोद झा व सीओ जाफरगंज डीसी मिश्र, नायब तहसीलदार विकास पांडेय की अगुवाई में संयुक्त टीम ने दीपक गुप्ता पुत्र केदारनाथ गुप्ता के घर व दुकानों पर छापा मारा और मिलावटी खाद्य तेल पकड़ा। संयुक्त टीम ने 41 केन मिलावटी तेल बरामद किया। मिलावटी तेल करीब 1500 लीटर बरामद हुआ है। टीम ने दो गोदामों में ताला डालकर सीज कर दिया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस को पता चला कि कानपुर से मिलावटी तेल की एक बड़ी खेप उतरी है। तभी ललौली थानाध्यक्ष योगेंद्र कुमार पटेल व बहुआ चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार दुबे ने कार्रवाई की तैयारी शुरू की।
तभी आरोपी को सूचना मिल गई तो घर से भाग खड़ा हुआ। पुलिस ने सारी बात उच्चाधिकारियों को बताई। सदर एसडीएम प्रमोद झा, नायब तहसीलदार विकास पांडेय व सीओ जाफरगंज डीसी मिश्र व खाद्य विभाग से पूर्ति अधिकारी आशाराम पाल ने छापा मारकर मिलावटी तेल की खेप पकड़ी।
वहीं टीम ने मिलावटी तेल को सीज कर दिया है और आरोपी के खिलाफ कार्यवाई कर रही है। बता दें कि मिलावटखोर कानपुर व बिंदकी से मिलावटी तेल का आयात करके बहुआ ललौली व मुतौर की बाजारों के साथ ही आसपास के गांव में बेचते हैं।