फतेहपुर। बनारस से दिल्ली जा रही वंदेेेेभारत एक्सप्रेस का बिंदकी रेलवे क्रासिंग के पास प्रेसर पाइप फट गया। ट्रेन हावड़ा-दिल्ली रूट की अप लाइन पर तीन घंटे खड़ी रही। अचानक वंदेभारत ट्रेन के खड़े होने से रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया और आरपीएफ, जीआरपी के जवान मौके पर पहुंच गए। शाम को प्रेशर पाइप बदला गया और दूसरा इंजन जोड़कर ट्रेन को रवाना किया गया। तब अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इस बीच में संगम और ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस ट्रेनें पीछे के स्टेशनों पर खड़ी रहीं।
वंदेभारत एक्सप्रेस फतेहपुर स्टेशन से शाम 5.:35 बजे गुजरी और बिंदकी रेलवे क्रासिंग के पास अचानक वंदेभारत एक्सप्रेस के इंजन में तेज आवाज हुई। बिंदकी रोड व औंग स्टेशन के बीच में ट्रेन शाम 5:58 बजे खड़ी हो गई। वंदेभारत ट्रेन खड़ी होने की सूचना पर आरपीएफ प्रभारी प्रवीण सिंह, उपनिरीक्षक हीराचंद्र, शैलेंद्र बहादुर सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
रेलवे के मेकैनिकल विभाग को सूचना दी गई। तब वंदेभारत एक्सप्रेस का प्रेसर पाइप बदला गया और औंग स्टेशन से दूसरा इंजन लाकर जोड़ा गया। तब रात 9:15 बजे ट्रेन को रवाना किया गया। इस बीच में प्रयागराज से मेरठ जाने वाली संगम एक्सप्रेस कुरुस्तीकला स्टेशन के पास खड़ी रही। वहीं, ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस भी पीछे के स्टेशन पर खड़ी रही। आरपीएफ प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि शाम को सवा नौ बजे वंदेभारत एक्सप्रेस को रवाना किया गया है।