फतेहपुर। खालसा मोबाइल सेंटर में 26 लाख की चोरी के मामले में पुलिस के हाथ 24 दिन बाद भी खाली हैं। पूछताछ में कुछ हाथ न लगने पर पुलिस ने संदिग्ध को छोड़ दिया है। सीसीटीवी में कैद चोर तक पहुंचने में पुलिस नाकाम साबित हुई है।
रेलबाजार निवासी सरदार गोविंद सिंह का कलक्टरगंज साईं मंदिर के बगल में खालसा मोबाइल सेंटर है। 19 जून की रात दुकान के रोशनदान से घुसकर एक चोर ने 14 लाख 60 हजार रुपये नगद और 90 मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। मामले की जांच में कोतवाली पुलिस के साथ स्वॉट और सर्विलांस टीम लगी है। पुलिस ने सीसीटीवी में कैद चोर के हुलिये वाला एक संदिग्ध पकड़ा। उसके कुछ साथियों से भी तस्दीक कराई।
साथियों ने भी चोरी में उसी संदिग्ध का होना बताया। वह पहले भी चोरी के मामले में पकड़ा जा चुका था। पुलिस को एक बार लगा कि चोरी की वारदात का खुलासा हो जाएगा, लेकिन आरोपी से कड़ी पूछताछ के बाद भी बरामदगी में असफल हो गई। जिसके बाद संदिग्ध को छोड़ दिया गया। चोरी हुए 90 मोबाइल मे एक भी 24 दिन बाद भी चालू नहीं हुआ है। कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया टीमें मामले में लगातार काम कर रही हैं।