फतेहपुर। हथगाम थानाक्षेत्र के पलवा मोड़ पर इलेक्ट्रानिक वेल्डिंग दुकानदार को स्कार्पियो सवार उठा ले गए। जाते समय दुकानदार के पिता धनराज से कहा कि पहले बीडीसी को लेकर आओ, तब बेटे को छोड़ेंगे।
ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव को लेकर हथगाम ब्लाक में उठक-पटक तेज हो गई है। मंगलवार को कलक्ट्रेट में डीएम को ज्ञापन देने आए संवत के मजरे अजईपुर गांव के धनराज ने बताया कि परिवार का उमेश विश्वकर्मा बीडीसी सदस्य है। पलवा मोड़ पर बेटे की वेल्डिंग की दुकान है। सोमवार को एक सफेद स्कार्पियो से चार लोग आए और दुकान में घुसकर बेटे राजेश को उठा ले गए।
धनराज ने आरोप लगाया कि चारों लोग असलहा लिए थे। जब उन्होंने बेटे को छुड़ाने की कोशिश की तो उन लोगों ने धमकी दी कि पहले बीडीसी उमेश विश्वकर्मा को लेकर आओ। पीड़ित पिता के साथ सपा जिलाध्यक्ष विपिन सिंह यादव, अरुणेश पांडेय, डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन अध्यक्ष जगदीश सिंह आदि डीएम से मिलने पहुंचे और पूरा घटनाक्रम बताया। डीएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।