फतेहपुर। श्रद्धा कंस्ट्रक्शन के मालिक मनीष तिवारी को पीटकर मरणासन्न करने के मामले में सोमवार को पुलिस ने उनके ऑफिस के तीन कर्मचारियों को पूछताछ के लिए मुराइन टोला चौकी बुलाया। इसमें कंपनी का अकाउंटेंट भी शामिल है। सभी से घटना को लेकर लंबी पूछताछ हुई। इस दौरान एक वीडियो भी पुलिस के हाथ लगा। वीडियो में घटना के तुरंत बाद मनीष की पत्नी व भाई के बीच कहासुनी हो रही है।
मुराइन टोला चौकी प्रभारी संदीप तिवारी ने श्रद्धा कंस्ट्रक्शन के ऑफिस में काम करने वाले कर्मचारी दीपक को पूछताछ के लिए बुलाया और तीन जून की सुबह से लेकर ऑफिस बंद होने तक मनीष के बारे में जानकारी ली।
करीब तीन घंटे के बाद कंपनी के अकाउंटेंट व एक अन्य व्यक्ति को बुलाकर पूछताछ हुई। दोपहर से रात आठ बजे तक दोनों व्यक्तियों से पूछताछ होती रही। वहीं, मनीष तिवारी की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। बता दें कि तीन जून की रात करीब एक बजे मनीष तिवारी पत्थरकटा चौराहे पर खून से लथपथ हालत में पुलिस को मिले थे। उनके पिता उमाशंकर तिवारी ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।