अमौली। बरात निकलने से कुछ देर पहले घर से गायब हुए दूल्हे ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। जब दूल्हा घर में नहीं मिला तो परिजनों ने खोजबीन की। गांव से आधा किमी दूर एक नदी के पास उसकी बाइक पड़ी मिली। वहीं पर एक पेड़ पर दुपट्टे से लटका उसका शव मिला।
चांदपुर थानाक्षेत्र के मरवाही डेरा मजरे दपसौरा निवासी राजेंद्र निषाद (26) पुत्र जयपाल निषाद किसानी करता था और गुरुवार को उसकी शादी थी। बरात पटेवरा गांव थाना सुमेरपुर जिला हमीरपुर जानी थी। घर में परिजन और मेहमान बरात की तैयारी कर रहे थे।
शाम को जब बरात निकासी का समय आया तो सभी राजेंद्र को खोजने लगे लेकिन वह नहीं मिला। राजेंद्र के गायब होते ही परिवारीजन परेशान होकर खोजबीन में जुट गए। पूछताछ करते हुए लोग गांव की एक नदी किनारे पहुंचे तो वहां राजेंद्र की बाइक पड़ी मिली।
खोजबीन हुई तो पता चला कि राजेंद्र का शव एक पेड़ से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ है। यह देख परिजनों में कोहराम मच गया। राजेंद्र पिता का एकलौता बेटा था और उसकी एक विवाहित बहन राधा है। सूचना पर चांदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष चांदपुर डीडी सिंह ने बताया कि खुदकुशी का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।