औंग। स्वॉट और आबकारी टीम ने औंग पुलिस के साथ मिलकर टॉप 10 शराब माफिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने माफिया की टाटा सफारी से दो बोरियों में भरी 198 क्वार्टर शराब, एक कैन में 10 लीटर मिलावटी शराब, 800 ग्राम यूरिया ,110 क्यूआर कोड, 300 नकली रैपर बरामद किए हैं।
रविवार रात करीब 12 बजे स्वॉट टीम प्रभारी विनोद कुमार मिश्र, आबकारी निरीक्षक बिंदकी लक्ष्मी शंकर बाजपेयी, आबकारी निरीक्षक सदर संजीव कुमार रेलवे अंडरपास खदरा के पास मौजूद थे। मुखबिर की सूचना पर काले रंग की टाटा सफारी रोकी गई। तलाशी में मिलावटी शराब और नकली रैपर और क्यूआर कोड बरामद हुए।
इंस्पेक्टर औंग ने बताया पकड़ा गया युवक थाना मलवां के मीरमऊ गांव का रहने वाला अमरजीत है। इसका नाम जिले के टॉप 10 शराब माफियाओं की सूची में है। कूटरचित व्यवस्था से नकली को असली बनाना, मिलावट करना, एक्साइज एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेजा गया है। सफारी सीज कर दी गई है।
17 मुकदमे, छह बार गैंगस्टर, फिर भी कारोबार जारी
मलवां थाने के मीरमऊ गांव के शराब माफिया अमरजीत का काला कारोबार बदस्तूर जारी है। जिले के थरियांव, मलवां, कोतवाली में 17 मुकदमे दर्ज हैं। छह बार गैंगस्टर की कार्रवाई भी माफिया के खिलाफ हो चुकी है। 23 बार पुलिस की कड़ी कार्रवाई होने के बाद भी अमरजीत मिलावटी शराब के काले कारोबार में संलिप्त रहा।