फतेहपुर। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बीते 24 घंटे के दौरान 101 नए संक्रमित सामने आए हैं। सोमवार को देवमयी ब्लाक के ईशापुर प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका की कोरोना से हैलट अस्पताल, कानपुर में मौत हो गई। हैलट में भर्ती शिक्षिका के पति की हालत गंभीर है। उधर, बिंदकी में एक प्राइवेट चिकित्सक की भी कोरोना से मौत हुई है। जहानाबाद सीएचसी के चिकित्साधीक्षक समेत तीन डाक्टर और एक स्टाफ नर्स भी कोरोना संक्रमित पाई गई हैं।
कोरोना सेल प्रभारी डॉ. केके श्रीवास्तव ने बताया कि अभी मौत का रिकार्ड पोर्टल पर अपडेट नहीं हुआ है, लेकिन दूसरी लहर में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें दो के आंकड़े पोर्टल पर दर्ज हैं। यह मौतें उपचार के दौरान गैरजनपदों में हुई हैं।
उधर, जहानाबाद सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. जेपी वर्मा, डॉ. मनीष चौरसिया, डॉ. राजेंद्र कुमार, स्टाफ नर्स आरती के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। सोमवार को जिले में 101 नए मरीज मिलने से सक्रिय केसों की संख्या 589 हो गई है। न्यायालय परिसर में भी सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वादकारियों, अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सैंपल लिए।
चेयरपर्सन प्रतिनिधि हुए पॉजिटिव
नगर पालिका की चेयरपर्सन के प्रतिनिधि हाजी रजा भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने खुद को होम आइसोलेट कर लिया है। उन्होंने यह जानकारी अपनी ओर से दी। उन्होंने कहा कि बीते दो-तीन दिनों में जो भी उनके संपर्क में आएं हों, अपना टेस्ट करवा लें।
जिले में संक्रमण की स्थिति
पिछले 24 घंटे में संक्रमित- 101
कुल एक्टिव केस- 589
पिछले 24 घंटे में हुई मौतें- 01
वैक्सीन की उपलब्धता- 8000
ऑक्सीजन की उपलब्धता- 230 सिलिंडर
रेमडेसिविर इंजेक्शन की उपलब्धता- 100