अल्लीपुर। शकत हिम्मतपुर गांव में कुछ लोगों के साथ देशी शराब पीकर घर लौटे मजदूर की गुरुवार रात मौत हो गई। परिवार में कोहराम मच गया। शुक्रवार की सुबह पत्नी ने जहर देकर मार डालने का आरोप लगाकर थाने में तहरीर दी।
प्रकरण शराब से जुड़ा होने के कारण पुलिस अधीक्षक व जिला आबकारी अधिकारी टीम सहित मौके पर पहुंचे। जिस ठेके से शराब ली गई थी वहां टीम ने जांच की और वीडियोग्राफी कराई। खरीदी गई शराब के खाली पौव्वे की भी वीडियोग्राफी हुई।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मलवां थानाक्षेत्र के शकत हिम्मतपुर गांव निवासी मनोज कुमार रैदास (45) मजदूरी करता था। गांव के एक युवक के यहां कुछ रिश्तेदार आए थे। मेहमानों की आवभगत में मनोज भी लगा था। शाम को मेहमानों के जाने के बाद मनोज ने गांव के छह लोगों के साथ देशी शराब पी। इसके बाद घर आ गया। रात में ही उसकी तबियत बिगड़ गई। परिजन कुछ कर पाते, इससे पहले ही उसकी मौत हो गई।
पत्नी रामदेवी व बच्चे बिलखने लगे। शुक्रवार की सुबह रामेदवी ने थाने में तहरीर दी और आरोप लगाया कि उसे जहरीला पदार्थ खिलाकर मारा गया है। मामला शराब से जुड़ा होने की पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, जिला आबकारी अधिकारी संतोष तिवारी और एसडीएम सदर प्रमोद झा टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
एसपी ने शराब के पौव्वों की वीडियोग्राफी कराकर सभी से पूछताछ की। जिला आबकारी अधिकारी द्वारा शराब के पौव्वों की जांच की और पता चला कि शराब अल्लीपुर के देशी शराब ठेके से आई थी। टीम यहां भी पहुंची और जांच की। फिलहाल शराब के पौव्वे असली पाए गए हैं। फिलहाल पुलिस व आबकारी की टीमें मौत के कारणों को तलाशने में जुटी हैं।