धाता। एचटी लाइन से सरिया छूने से करंट की चपेट में आए राजमिस्त्री की मौत के मामले में मंगलवार को परिजनों और ग्रामीणों ने धाता थाने के पास शव रखकर हंगामा किया। कुछ ही देर में पुलिस पहुंच गई और लोगों को समझाकर शांत किया।
बेनीपुर गांव निवासी मनोज कुमार (32) राजमिस्त्री थे और ठेके पर मकान बनाने का काम करते थे। रमपुरवा रोड चौराहे पर गंगा सिंह का मकान बनाने का ठेका मनोज ने लिया था।
सोमवार की सुबह वह दो साथियों के साथ सड़क किनारे सरिया सीधी कर रहे थे तभी सरिया हाईटेंशन लाइन से छू गई थी। मनोज को करंट लगा था। उसने मंझनपुर जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया था।
पोस्टमार्टम के बाद शव मंगलवार को परिजन लेकर लौटे तो उन्होंने थाने के पास शव को सड़क पर रखकर जाम लगाने का प्रयास किया। हालांकि थाना पुलिस वहां आ गई। पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी ली और परिजनों को समझाया। इंस्पेक्टर उपेंद्र राय ने बताया कि परिजन शव लेकर लौट गए थे। राजमिस्त्री की मौत हादसे में हुई है।