खागा। एक गांव में अपने दादा के पास रहने वाली एक छात्रा की शुक्रवार की सुबह मौत हो गई। छात्रा के पिता और दादा ने इसकी सूचना किसी को नहीं दी और शाम को जंगल में शव को जला दिया। शनिवार की सुबह मामले की शिकायत ननिहाल पक्ष से की गई तो पुलिस गांव पहुंची और पिता को हिरासत में लिया। नानी ने दामाद, उसके पिता व परिजनों पर हत्या कर शव जलाने का आरोप लगाया है। तहरीर अभी नहीं दी गई है।
खागा कोतवाली के एक गांव निवासी 18 वर्षीय युवती एक कालेज में कक्षा 11 की छात्रा थी। गांव में वह अपने दादा के मकान में रहती थी। उसकी मां की करीब 16 साल पहले मौत हो चुकी है। पिता अपनी दूसरी पत्नी के साथ अलग मकान में रहते हैं। शुक्रवार की सुबह युवती की दादा के मकान में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इस बात की जानकारी परिजनों ने न तो पुलिस को दी और न ही ननिहाल पक्ष को। शुक्रवार की शाम करीब आठ बजे पिता ने परिजनों की मदद से शव को जंगल में जला दिया।
शनिवार की सुबह मृतका की नानी खागा कोतवाली पहुंची। दामाद और उसके परिजनों पर नातिन की हत्या कर लाश जलाने का आरोप लगाया। पुलिस तुरंत मृतका के गांव पहुंची और दोनों मकानों की जांच के बाद जंगल पहुंची, जहां शव को जलाया गया था। पुलिस को मौके पर केवल राख मिली। इंस्पेक्टर खागा संतोष शर्मा ने बताया कि प्रकरण की गहनता से जांच हो रही है। ननिहाल पक्ष तहरीर देता है तो एफआईआर दर्ज होगी। फिलहाल मृतका के पिता को हिरासत में लिया गया है।