हुसैनगंज (फतेहपुर)। शहर के ज्वालागंज के एक गैराज में मिस्त्री की डीजल पीने से मौत हो गई। वह शनिवार को एक वाहन की टंकी को साफ करते वक्त नली से डीजल खींच रहा था, तभी पेट में काफी मात्रा में डीजल चला गया। जिसे नाजुक हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोमवार हालत बिगड़ने पर ट्रामा सेंटर में वाहन मिस्त्री को मृत घोषित कर दिया गया। परिवार में कोहराम मच गया।
थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव का राजन वाहन चालक है। उसका छोटा भाई योगेंद्र उर्फ गोलू (22) फतेहपुर के ज्वालागंज में एक गैराज में काम करता था। शनिवार की शाम परिवार को गोलू के डीजल पीने से हालत बिगड़ने की जानकारी मिली। परिवार के लोग भागकर बेटे के पास आए। सोमवार को हालत बिगड़ जाने पर गोलू को सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर ले जाया गया। सुबह साढ़े सात बजे मौत हो गई। थानेदार सत्येंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं है। अगर कोई शिकायत करता है, तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।