किराए को लेकर हुआ था झगड़ा, ई-रिक्शा बरामद
करासर
- घटनास्थल से थोड़ी दूर पर ई-रिक्शा मिलने का दावा
संवाद न्यूज एजेंसी
खागा। कोतवाली क्षेत्र के घूरी मोड़ के पास शनिवार रात ई-रिक्शा चालक को मारपीट कर उसका रिक्शा लूटने के मामले में पुलिस ने सोमवार को रिक्शा बरामद कर लिया। पुलिस का दावा है कि ई-रिक्शा घटनास्थल से कुछ दूरी पर ही खड़ा था। हालांकि पुलिस यह नहीं बता सकी कि दूसरा पक्ष कौन था। बताया जा रहा है किराए को लेकर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था।
खागा कस्बे के नई बाजार निवासी कल्लू केसरवानी शनिवार रात बस अड्डे पर अपने ई-रिक्शा के साथ यात्रियों के इंतजार में था। कल्लू के अनुसार, पांच व्यक्ति उसके ई-रिक्शा पर बैठकर घूरी मोड़ तक गए। आरोप है कि यहां पर पांचों ने मिलकर उसे पीटा और तमंचा सटाकर उसका ई-रिक्शा लूट लिया। उसे बांधकर वहीं पर फेंक दिया। बंधन मुक्त होकर उसने पुलिस को सूचना दी। सोमवार सुबह इस प्रकरण में पुलिस ने घटनास्थल से थोड़ी दूर पर ई-रिक्शा बरामद होने का दावा किया। हालांकि दूसरा पक्ष कौन था, पुलिस के पास इसका जवाब नहीं है। इंस्पेक्टर खागा संतोष शर्मा ने बताया कि कल्लू का यात्रियों से रुपये को लेकर झगड़ा हुआ था। रात में कल्लू अपना रिक्शा, छोड़कर भाग आया था। इसे बरामद कर लिया गया है।