फतेहपुर। कोरोना संक्रमण के बुधवार सात केस निकले। यह मामले 207 सैंपल का नतीजा रहे। चालू सप्ताह मामले कम निकलने से स्वास्थ्य विभाग को फिलहाल राहत मिली है। मौजूदा वक्त कोविड-19 अस्पताल में 90 कोरोना संक्रमित भर्ती हैं।
कोविड संक्रमण का पता लगाने के लिए अभी तक 66,359 सैंपल लिए जा चुके हैं। जिसमें 59,490 की मिली रिपोर्ट में 3483 लोग संक्रमित हो चुके हैं। जिला कोरोना सेल को सात, आठ व नौ दिसंबर को भेजे गए सैंपल में 207 की रिपोर्ट मिली। जिसमें शहर के कृष्णा कॉलोनी से दो व सीओ आवास से एक संक्रमण का मामला सामने आया। सदर तहसील क्षेत्र के भिटौरा व सकूलपुर से एक-एक और बिंदकी तहसील क्षेत्र के अभयपुर व भगौनापुर से भी एक-एक संक्रमित केस पाया गया।
जिला कोरोना सेल के नोडल अफसर डॉ. केके श्रीवास्तव का कहना है कि यह सप्ताह राहत देता नजर आ रहा है। सोमवार को 350 सैंपल में पांच और मंगलवार 409 सैंपल में तीन केस कोरोना संक्रमण के निकले थे।