फतेहपुर। कोरोना की दूसरी लहर ज्यादा खतरनाक साबित हो रही है। 24 घंटे के अंतराल में संक्रमण की चपेट में आए दो और लोगों की मौत हो गई। मृतकों में शिक्षण संस्थान संचालक और अधिवक्ता की पत्नी शामिल हैं। बुधवार को जिले में 82 लोग और कोरोना की जद में आ गए। इसी के साथ एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 740 हो गई है।
कोरोना संक्रमण की चपेट में एक बीडीओ भी आए हैं, जिन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। रोजना जिस तरह कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं, उससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। स्वास्थ्य विभाग के सामने रोज नई चुनौती खड़ी हो रही है। जिला कोरोना सेल को बुधवार 938 सैंपल की रिपोर्ट में 82 नए मरीजों का पता चला। जो मामले सामने आए हैं उनमें आम और खास सभी शामिल हैं।
जिले के एक ब्लॉक के प्रशासनिक अफसर कोरोना की चपेट में आ गए हैं। कई स्वास्थ्य कर्मी भी इस संक्रमण से ग्रसित हुए हैं। 82 नए मामले सामने आने के बाद जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 4782 हो गई है। इस संख्या में 740 एक्टिव केस शामिल हैं। उधर, यह संक्रमण जानलेवा साबित हो रहा है। जिले के जाने-माने अधिवक्ता बलराज उमराव की पत्नी का कोरोना से निधन हो गया।
इसी तरह सदर तहसील क्षेत्र के सभापुर गांव निवासी शिक्षण संस्थान संचालक सत्य प्रकाश पटेल की कानपुर में मौत हो गई। इनका इलाज रामादेवी के एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा था। शिक्षण संस्थान संचालक सांस की तकलीफ बढ़ने पर कानपुर में भर्ती कराए गए थे।