फोटो - 10 - दवा वितरण कक्ष में कर्मचारियों से होती कहासुनी। संवाद
- तीमारदार और दवा वितरण कक्ष के कर्मचारियों के बीच हुई कहासुनी
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। जिला अस्पताल के दवा वितरण कक्ष में एक कर्मचारी ने युवती से अकड़ दिखाते हुए बाहर से दवाई लेने की धमकी दी। इस दौरान कक्ष के बाहर हंगामा हुआ और तीमादार व कर्मचारियों के बीच कहासुनी हुई। आसपास के लोगों के आने पर मामला शांत हुआ।
गुरुवार को शहर के खुशवक्तराय नगर निवासी हर्ष द्विवेदी अपनी बहन का इलाज कराने जिला अस्पताल पहुंचे। यहां ईएनटी के डॉक्टर से परामर्श लेने के बाद उन्होंने दवा वितरण कक्ष से दवाएं लीं। इसके बाद वह फिर से डॉक्टर को दवा दिखाने पहुंचे। डॉक्टर ने बताया कि यह बच्चों की दवाएं हैं और इन्हें बदल कर दूसरी लो।
इसके बाद उनकी बहन दवा कक्ष में दवाएं बदलवाने पहुंची तो वहां मौजूद कर्मचारी नाराज हो गया और उनसे दवाई और पर्ची छीन ली। उसने कहा कि बाहर से जा कर दवा लो। इस दौरान उनके बीच कहासुनी हुई। मामले का वीडियो भी वायरल हुआ। बाद में पहुंचे होमगार्ड के जवानों ने उन्हें समझा कर शांत कराया। इसके बाद उन्हें दवाइयां बदल कर दी गईं।
दो घंटे बाद भी घायल को नहीं मिला इलाज
फतेहपुर। सदर तहसील क्षेत्र के गांव बेरागढ़ीवा निवासी सुरेश गुरुवार सुबह लकड़ियां तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़े। इस दौरान वह नीचे गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद परिजन उन्हें ले कर जिला अस्पताल पहुंचे। इमरजेंसी वार्ड में प्राथमिक इलाज होने के बाद उन्हें सामान्य वार्ड में भर्ती कराया गया। भाई राकेश ने बताया कि दो घंटे से घायल वार्ड में भर्ती हैं, लेकिन कोई भी डॉक्टर अब तक इलाज करने नहीं पहुंचे। संवाद