कस्बे में हो रहे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के घटिया निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा काटा। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य बंद करवा दिया। आरोप लगाया कि सीएचसी के निर्माण में घटिया ईंट व मसाला इस्तेमाल किया जा रहा है जबकि इसका बजट पांच करोड़ रुपये है।
ग्रामीणों ने कहा कि जब तक निर्माण कार्य की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती तब तक काम शुरू होने नहीं दिया जाएगा।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के कैंपस में ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण हो रहा है। कार्यदाई संस्था लोक निर्माण विभाग द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराया जा रहा है, जो 18 माह में पूरा करना है।
शासन ने इसके लिए पांच करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। रविवार को दो दर्जन ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने हो हल्ला करते हुए काम कर रहे मजदूरों को भगा दिया और जेई को बुलाने पर अड़े रहे। काफी देर हंगामे के बाद मामला शांत हुआ। काम करवा रहे ठेकेदार ने हंगामा देख काम रुकवा दिया। गांव के बृजेंद्र सिंह सेंगर, गोपू सिंह, रज्जन सिंह, हरिकृष्ण, वीरेंद्र राठौर, संग्राम, छोटू यादव, असलम आदि ने बताया कि इतनी धनराशि स्वीकृत होने के बाद भी घटिया स्तर का काम हो रहा है। उन्होनें कहा कि इसकी शिकायत डीएम से करने के साथ शासन तक भेजी जाएगी। ठेकेदार आलोक रंजन ने बताया कि निर्माण में किसी भी तरह की घटिया सामग्री का प्रयोग नही किया जा रहा है। कुछ लोग स्थानीय स्तर पर परेशान कर रहे हैं।