फतेहपुर। लंबे समय से जर्जर 2.35 किलोमीटर बिझौली-पधारा संपर्क मार्ग का निर्माण 1.58 करोड़ से होगा। शासन ने निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी है। साथ ही पहली किस्त के रूप में 51.80 लाख रुपये जारी भी कर दिए गए हैं।
यह संपर्क मार्ग क्षेत्र के लोगों के आवागमन का प्रमुख साधन है। सड़क खराब होने से ग्रामीणों, किसानों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बरसात में स्थिति और खराब हो जाती थी। सड़क का कायाकल्प होने से बिझौली और पधारा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में भी सहूलियत होगी।
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की मांग की है। पीडब्लूडी खंड दो के अधिशासी अभियंता दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि शासन से स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही बारिश बाद सड़क का निर्माण शुरू कराया जाएगा। गुणवत्ता को लेकर खास तौर पर निगरानी भी रखी जाएगी।