फतेहपुर। भूमि पर कब्जे का विरोध करने पर कांग्रेस नेता को तमंचे के बल पर पीट दिया। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने छह नामजद समेत 31 लोगों के खिलाफ शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के नासिरपुर निवासी राजेंद्र सिंह लोधी कांग्रेस से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। उन्होंने कोर्ट के जरिये से दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने अवधेश सिंह, रामराज और भगवानदास से तीन अप्रैल 2012 को भूमि खरीदी थी। इसके बाद सहखातेदार श्यामलाल व श्यामबाबू से सुनीता के नाम पर 10 दिसंबर 2012 को जमीन खरीदी गई जिस पर उनका कब्जा भी था।
आरोप है कि मलवां थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव के मनीष पटेल ने सहखातेदार जगदीश से भूमि खरीदी। जगदीश पहले ही अपनी जमीन रामप्रसाद नामक रिश्तेदार को बेच चुका था। इसके बावजूद मनीष पटेल ने अपने भाई आशीष पटेल, राधानगर थाने के नेवलापुर गांव के नरेंद्र लोधी, अंकित, सुरेंद्र, जयराम नगर के शिवसागर लोधी सहित 25 अन्य लोगों के साथ 25 सितंबर 2025 की रात जमीन पर कब्जे के लिए निर्माण कार्य शुरू कर दिया।
वह मौके पर पहुंचे और निर्माण रोकने के लिए कहा। तभी नरेंद्र ने तमंचा दिखाकर गाली-गलौज की। विरोध करने पर पीट दिया। शोर सुनकर भीड़ जुटती देख आरोपित जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस के सुनवाई न करने पर पीड़ित ने कोर्ट का सहारा लिया। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।