फतेहपुर। रोक के बावजूद बड़ी तादाद में कोचिंग सेंटर खुलने लगे हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इसे संज्ञान में लिया है। खुलने वाली कोचिंग के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहसील स्तर पर कमेटियों का गठन किया गया है। यह कमेटी प्रतिदिन संचालित होने वाले कोचिंग सेंटरों की रिपोर्ट शाम तक डीआईओएस कार्यालय को भेजेंगी।
जिले में कुल 49 कोचिंग सेंटर पंजीकृत हैं। कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए शासन ने सभी स्कूल, कॉलेज और कोचिंग सेंटरों के संचालन पर रोक लगा रखी है। करीब डेढ़ साल से बंद कोचिंग सेंटरों के संचालकों ने नियम विरुद्ध तरीके से इनका संचालन शुरू कर दिया है। सिविल लाइन क्षेत्र के अधिकांश कोचिंग सेंटर सुबह के समय खुल रहे हैं। यह बात दीगर है कि अभी छात्रों की संख्या कम होती है।
खास बात तो यह है कि कोरोना के कारण सेंटर बंद होने का हवाला देकर अधिकांश ने नवीनीकरण भी नहीं कराया है। कोचिंग खुलने की जानकारी होने पर माध्यमिक शिक्षा विभाग हरकत में आया है। डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने तहसीलवार तीन सदस्यीय कमेटियों का गठन कर दिया है।
मंगलवार को कमेटी में शामिल प्रधानाचार्यों को आदेश रिसीव करा दिया गया है। डीआईओएस ने बताया कि शासन के आदेश पर स्कूल, कॉलेज समेत कोचिंग सेंटर संचालन पर रोग लगी हुई है। इनके संचालन से छात्र-छात्राओं में कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ा है। अगर कोई भी कोचिंग सेंटर संचालित होता पाया गया, तो संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।