नगर की सफाई व्यवस्था ध्वस्त है। जगह- जगह लगे कूड़ों के ढेरों व नालियां चोक होने के कारण पानी दुकानों व घरों में घुस रहा है। पानी भरने से लोगों का जीना हराम है। गंदगी से संक्रामक बीमारियां भी पैर पसार रही हैं। आक्रोशित नागरिकों व सभासदों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अन्य किसी चेयरमैन के कार्यकाल में ऐसी अराजकता देखने को नहीं मिली।
बिंदकी के 25 वार्डों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई है। सभासद कामता यादव, सुनील पाल, हरिशंकर गुप्ता, रामू पटेल, कमलेश ओमर, पूर्व सभासद अनीस डायमंड आदि का आरोप है कि चेयरमैन नीलम सोनी की प्रतिनिधि पुत्री रोशनी ने अपने हाथाें पालिका की कमान संभाल रखी है। सिल्ट सफाई मात्र कागजों में है। यही कारण है पिछले दो वर्षों से नगर के लंका रोड, फाटक बाजार, कुंवरपुर रोड, ललौलीरोड, खजुहारोड बड़े नालों व नालियों की सिल्ट सफाई नहीं कराई गई है। सभासदों ने बताया कि दैनिक वेतन में सफाई कर्मियों को मात्र कागजों में लगाया जाता है। नगर में कहीं भी सफाई करते यह कर्मी दिखाई नहीं पड़ते हैं। मुगलरोड कोतवाली के सामने के दुकानदार झबली अवस्थी, डा. एसके मिश्रा, विजय गुप्ता ने अपनी दुकानाें के सामने भरे नालियों के गंदे पानी को दिखाते हुए कहा कि इस चेयरमैन के कार्यकाल में जितनी नगर की दुर्गति देखने को मिल रही है उतनी दुर्गति किसी के कार्यकाल में देखने को नहीं मिली है। ललौली चौराहे के संगम गुप्ता, लल्लन गुप्ता, पप्पू, डा. एमए खान आदि ने भी इसी समस्या का रोना रोते हुए कहा कि विगत तीन वर्षों से वह दुकानाें के सामने गंदा पानी भरे रहने का दंश झेल रहे है।
इंसेट
रोजेदारों ने जताई नाराजगी
नगर अल्पसंख्यकों की बस्ती मुगलाही, बजरिया, ठठराही के फकीरन टोला, लंकारोड, लाहौरी, कजियाना, निजामी चौराहे पर रमजान माह पर भी सफाई व्यवस्था न कराए जाने से शमी अहमद बरकाती, सफी अहमद चीनियर आदि दर्जनों रोजेदारों ने चेयरमैन नीलम सोनी के प्रति आक्रोश व्यक्त किया है।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
बिंदकी। नगर पालिका परिषद के पर्यवेक्षकीय अधिकारी व एसडीएम जेएन सचान ने बताया कि वह नाला गैंग व अलग से लगाए गए सफाइकर्मियों की बाबत जांचकर शीघ्र ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराएंगे।