असोथर। नगर पंचायत स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ने वाली कक्षा आठ की छात्रा लापता हो गई। छात्रा सुबह स्कूल गई थी लेकिन करीब 10 बजे पेट दर्द की बात कहकर घर के लिए निकल गई। घर न पहुंचने पर परिजन ने खोजबीन शुरू की।
खोजबीन के दौरान गांव के किनारे नारायण ताला के पास छात्रा का बस्ता और स्कूल की यूनिफॉर्म पड़ी मिली है। एक महिला चरवाहे ने बस्ता देखकर आसपास के लोगों को जानकारी दी। परिजन ने बस्ता और यूनिफॉर्म पहचानकर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने निरीक्षण कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है। स्कूल के प्रधानाचार्य सुनील ने बताया कि छात्रा ने करीब 10 बजे पेट दर्द की बात कहकर घर जाने की अनुमति ली थी। स्कूल की ओर से वाहन से भेजने की बात कही गई लेकिन छात्रा खुद ही जाने की बात कहकर निकल गई।
बताया जा रहा है कि प्रतापनगर चौराहा के पास लगे एक कैमरे में छात्रा सुबह 11:38 बजे के आसपास गाजीपुर की ओर जाती दिखाई दी है। चौकी प्रभारी अंकुश यादव ने बताया कि अभी तक परिजन ने तहरीर नहीं दी है लेकिन छात्रा की तलाश जारी है।