फतेहपुर। सदर कोतवाली में हंगामे और पुलिसकर्मियों से मारपीट के मामले में पुलिस ने 18 डिलीवरी बॉयज के खिलाफ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने की प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं पीड़ित डिलीवरी बॉय ने बाइक खड़ी करने से रोकने वाले व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मामला एक डिलीवरी बॉय के साथ हुई मारपीट के बाद शुरू हुआ। इसके बाद कई साथी कोतवाली पहुंच गए और विवाद बढ़ गया। वहीं दूसरी ओर डिलीवरी बॉयज का आरोप है कि अधिकारियों से शिकायत करने की बात पर पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें कोतवाली में बैठा लिया।
कोतवाली क्षेत्र के पटेल नगर निवासी विवेक कुमार एक कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता है। मंगलवार को शहर कोतवाली के पास बाइक खड़ी करने को लेकर कुछ लोगों ने विवेक की पिटाई कर दी थी। इसके बाद विवेक अपने साथी खखरेरू थाना क्षेत्र के शिवपुरी निवासी अंजीर कुमार, पटेल नगर निवासी दीपक कुमार, राधानगर थाना क्षेत्र की नई बस्ती निवासी विजय सिंह, सथरियांव निवासी अनुज सिंह, पक्का तालाब निवासी रमन सिंह, रेल बाजार निवासी नियाज अहमद, मलवां थाना क्षेत्र के अल्लीपुर निवासी विपिन कुमार समेत करीब 10 अन्य साथियों के साथ कोतवाली पहुंचा और शिकायत दर्ज कराने की मांग की।
पुलिस का आरोप है कि इस दौरान विवेक और महफूज के बीच बाइक खड़ी करने के विवाद को लेकर मारपीट हुई थी। गिरफ्तारी की मांग को लेकर पहुंचे विवेक और उसके साथियों ने कोतवाली में हंगामा किया और कार्यालय के अंदर घुसकर सरकारी कार्य में बाधा डाली। इस दौरान आईजीआरएस का जवाब तैयार कर रहे कांस्टेबल योगेश कुमार और महेश यादव के साथ मारपीट की गई।
उपनिरीक्षक अंशुल वर्मा की तहरीर पर विवेक कुमार और उसके साथियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, पुलिसकर्मियों से मारपीट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं दूसरी ओर पीड़ित विवेक की ओर से भी अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि पीड़ित विवेक की ओर से प्राथमिकी दर्ज की गई। दूसरी प्राथमिकी पुलिस कर्मियों से मारपीट की विवेक और उसके साथियों पर दर्ज की गई है। विवेक पक्ष गलत आरोप लगा रहे हैं।
फोटो 23-सदर कोतवाली के अंदर से लोगों को घसीट कर बाहर निकालते पुलिस कर्मी। स्रोत: वीडियो ग्रैब
फोटो 23-सदर कोतवाली के अंदर से लोगों को घसीट कर बाहर निकालते पुलिस कर्मी। स्रोत: वीडियो ग्रैब