फाेटो-33- पथराव करते नकाबपोश । स्रोत वीडियो ग्रैब।
फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के शादीपुर चौराहे पर शुक्रवार शाम रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और पथराव हुआ। दोनों पक्षों ने लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि नकाबपोश बाइक सवार एक पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे जिससे विवाद बढ़ गया।
दरोगा योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में शादीपुर निवासी एक पक्ष के गौरव सिंह, किशन सिंह और उनके पांच साथियों तथा दूसरे पक्ष के प्रशांत शुक्ला, रोहित सोनी, राज त्रिवेदी, तनिष्क मिश्रा और उनके पांच साथियों समेत कुल 16 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दरोगा ने बताया कि पुराने विवाद को लेकर प्रशांत शुक्ला पक्ष के लोग बाइकों से चेहरा ढककर पहुंचे थे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। सार्वजनिक मार्ग पर लाठी-डंडे चलने और पथराव होने से लोगों में दहशत फैल गई।
कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।