किशनपुर (फतेहपुर)। उपकेंद्र से जुड़े 125 गांवों की बिजली 24 घंटे से बंद है। इससे करीब 50 हजार की आबादी प्रभावित है। 150 से अधिक सरकारी और निजी नलकूप बंद हैं। वहीं तेज धूप और गर्मी से लोग परेशान हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली की जानकारी लेने के लिए उपकेंद्र फोन करते हैं, लेकिन रिसीव नहीं होता है।
खागा ट्रांसमिशन से किशनपुर विद्युत उपकेंद्र को आने वाली 33 केवीए हाईटेंशन लाइन से बिजली दी जाती है। करीब 25 किमी की 33 केवीए लाइन जर्जर हो गई है। इसमें आए दिन कहीं न कहीं फाल्ट हो जाता है। शनिवार की शाम को बिजली आपूर्ति के दौरान ही अचानक फाल्ट हो गया। इससे उपकेंद्र के पांचों फीडर बंद हो गए।
रविवार सुबह उपकेंद्र के कर्मचारी फाल्ट सही करने के लिए निकल गए, लेकिन देर शाम तक बिजली आपूार्ति बहाल नहीं हो सकी। कस्बा के उपकेंद्र के चंदापुर, शिवपुर, पहाड़पुर, विश्वबैंक प्रथम व द्वितीय फीडर से 125 गांव और 150 ट्यूबवेलों को बिजली दी जाती है। 24 घंटे से गुल बिजली ने तेज धूप व गर्मी से परेशान लोगों की और दिक्कत बढ़ा दी है। कस्बा के कृष्णपाल सिंह ने कहा कि दूसरे दिन 33 केवीए लाइन में फाल्ट हो जाता है।
फिर 24 घंटे बाद ही बिजली आपूर्ति होनी है। जर्जर तारों को जोड़कर आपूर्ति दी जा रही है। सरौली गांव के किसान अरुण प्रताप सिंह को चना, राई, सरसों की बुआई करने के लिए खेतों का पलेवा करना है। बिजली न आने से पलेवा नहीं हुआ। एकडला गांव के विजय सिंह ने कहा कि उपकेंद्र की जर्जर व्यवस्था की वजह से बिजली सही सलामत नहीं मिल पाती है।
हाईवे चौड़ीकरण में खागा बाईपास के पास पोकलैंड मशीन ने बिजली के खंभे में धक्का मार दिया है। इससे फाल्ट हुआ है, उसको सही कराने के लिए उपकेंद्र के कर्मचारी लगाए गए हैं। देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।
- जाहिद सिद्दीकी, उपखंड अधिकारी असोथर