फतेहपुर। बारिश के बाद शहरी इलाकों से लेकर गांवों तक की बिजली व्यवस्था ध्वस्त है। बारिश से हाईटेंशन लाइन के फाल्ट बढ़ गए हैं। शहर के उपकेंद्रों में दिन भर बिजली की आवाजाही रही। पटेल नगर, शादीपुर, चौक, लाला बाजार, बाकरगंज मुहल्ले में दस घंटे से अधिक बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे सबसे ज्यादा परेशानी पानी को लेकर हुई। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में कई जगह आपूर्ति अभी तक बहाल नहीं हुई है।
ग्यारह केवीए लाइन के फाल्ट सही करने और सप्लाई चालू करने के कुछ ही देर में फिर से फाल्ट हो जाता है। शहर के चौक क्षेत्र के 11 केवीए लाइन में भोर पहर फाल्ट हो गया। इससे दोपहर एक बजे तक सप्लाई बंद रही। इस दौरान मुहल्लेवासियों के घरों में जलापूर्ति भी नहीं हो सकी। लोग बिजली सप्लाई चालू होने और नलों में पानी
आने का इंतजार करते रहे। इसी प्रकार आबूनगर उपकेंद्र से शादीपुर फीडर की बिजली सप्लाई सुबह बंद हो गई और शाम को तीन बजे सप्लाई शुरू हुई। दिनभर बिजली गुल रहने से प्राइवेट संस्थानों मेें लगे इनवर्टर भी बोल गए। कई संस्थानों ने जनरेटर जलाए गए। इसी प्रकार बाकरगंज, लाला बाजार मुहल्ला में बिजली सप्लाई न होने से लोग
परेशान दिखे। लोगों के सुबह की दिनचर्या प्रभावित रही। बिना नहाए ही लोगों को अपने काम पर जाना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्र के उपकेंद्रों की चरमराई बिजली व्यवस्था में तीसरे दिन भी सुधार नहीं हो सका है। अवर अभियंता व लाइनमैनों ने 33 केवीए लाइन का फाल्ट सही कराकर उपकेंद्रों तक की बिजली सप्लाई बहाल करा ली है, लेकिन
11 केवीए लाइन का फाल्ट अभी तक जस का तस पड़ा हुआ है। उपकेंद्रों के लाइनमैन सुबह से शाम तक फाल्ट ढूंढने में लगे रहे। असोथर उपकेंद्र के थरियांव फीडर, नरैनी फीडर की बिजली सप्लाई बंद रही। इसी प्रकार थरियांव उपकेंद्र के मंडासरांय, मलांव, हसवा और असोथर फीडर की बिजली सप्लाई शुरू नहीं हो सकी। महिंचा मंदिर, गाजीपुर, किशनपुर, हथगाम, धाता उपकेंद्र से उपभोक्ताओं का बिजली सप्लाई नहीं मिल रही है।
विद्युत वितरण खंड प्रथम अधिशासी अभियंता प्रभाकर पांडेय का कहना है कि 33 केवीए व उपकेंद्रों के फाल्ट सही करा दिए गए हैं, लेकिन बारिश से हाईटेंशन लाइनों में नमी वजह से से फाल्ट अधिक हुए हैं। उनको उपकेंद्र के कर्मचारी सही कराने में लगे हैं। जल्द ही सभी फीडरों की आपूर्ति बहाल हो जाएगी।
विद्युत वितरण खंड तृतीय अधिशासी अभियंता मेघ सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में हाईटेंशन लाइनों की दूरी अधिक होने से फाल्ट होता है। उसको ढूंढने व सही करने में दिक्कत होती है। उपकेंद्र के जेई व लाइनमैन को बिजली आपूर्ति बहाल कराने के निर्देश दिए गए हैं।