फतेहपुर। दिन भर रुक रुक हुई रिमझिम बारिश से कई जगह बिजली फाल्ट हुआ। तार टूटने, जंपर कटने से अलग अलग दस इलाकों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली गुल होने से उपभोक्ताओं को काफी दिक्कत हुई। बारिश के चलते बिजली कर्मियों को फाल्ट ठीक करने में भी दिक्कत हुई।
सुबह आईटीआई रोड के पास 11 हजार वोल्ट की लाइन में फाल्ट आ गया। इससे उत्तरी गौतम नगर, मुराइनटोला, जैदून इलाके की करीब चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। सिविल लाइन विकास भवन के पास पेड़ की डाल टूटने से आपूर्ति बाधित हुई। इससे सिविल लाइन, पटेलनगर, पत्थरकटा क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित रही। सूचना पर बिजली कर्मियों ने फाल्ट सही कराई। दिन भर बिजली की आंख मिचौनी से उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ा। आबूनगर, बाकरगंज, पक्का तालाब, नउवाबाग में तार टूटने से बिजली आपूर्ति बाधित रही। उप खंड अधिकारी सदर विनय सिंह ने बताया कि बारिश के चलते फाल्ट हुई है। टीम के साथ भ्रमण कर फाल्ट सही कराई है अब आपूर्ति सामान्य है।
फतेहपुर। अधीक्षण अभियंता आनंद प्रकाश शुक्ला ने तीनों विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिए हैं कि एसडीओ और जेई के माध्यम से छापेमारी तेज कराएं। उन्होंने शत प्रतिशत विद्युत बिलों की वसूली पर जोर दिया। कहा कि टीम के साथ स्वयं निकलें और दस हजार से अधिक के बकाएदारों से बिलों की वसूली करें। बिल की अदायगी न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएं।