फतेहपुर। ललौली थानाक्षेत्र के कीर्तिखेड़ा गांव में चुनावी खुन्नस के चलते गांव निवासी एक व्यक्ति ने पीड़ित के दरवाजे जाकर गाली गलौज किया। भुक्तभोगी ने विरोध किया तो उसके दरवाजे दो हवाई फायर झोंक दिया गया।
थाना क्षेत्र के कीर्तिखेड़ा गांव निवासी गोरे सिंह उर्फ मनीष सिंह अपने घर के सामने खड़ा था। तभी गांव का एक व्यक्ति वहाँ पहुँचा और चुनावी खुन्नस को लेकर नशे में मनीष के दरवाजे आकर गाली देने लगा। मनीष ने उससे दरवाजे के सामने गाली नहीं देने की बात कहकर विरोध किया तो युवक ने तमंचा निकालकर हवा में दो फायर कर दिया। इससे वहां मौजूद ग्रामीण भागने लगे। गोली चलाने के बाद युवक वहां से गाली देता हुआ निकल गया। भुक्तभोगी मनीष सिंह ने बताया कि वह प्रधानी का चुनाव लड़ा था और कुछ वोट से हार भी गया था। चुनाव लड़ने को लेकर आरोपी उससे खुन्नस में है। फायरिंग की सूचना पर पुलिस कीर्तिखेड़ा गांव पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गया था। पीड़ित गोरे सिंह उर्फ मनीष सिंह ने थाने में तहरीर दिया है। इंस्पेक्टर संदीप तिवारी ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिली है। तुरंत पुलिस मौके पर गई थी। आरोपी को जल्द पकड़कर कार्रवाई की जाएगी।