फतेहपुर। पीएम पोषण योजना के तहत परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों को सप्लीमेंट्री न्यूट्रिशन के तहत हलवा और उपमा वितरित किया जाएगा। इसका वितरण प्रत्येक शुक्रवार को होगा। विद्यालय में अवकाश होने पर अगले कार्यदिवस में बच्चों को पौष्टिक आहार दिया जाएगा।
जिला समन्वयक एमडीएम आशीष दीक्षित ने बताया कि नवंबर माह में निर्धारित अवधि तक योजना संचालित की जाएगी। प्रथम और तृतीय सप्ताह में मीठा हलवा, जबकि द्वितीय, चतुर्थ और पंचम सप्ताह में उपमा दिया जाएगा। प्रत्येक छात्र के लिए न्यूनतम 30 ग्राम सूजी और अन्य सामग्री से हलवा या उपमा तैयार किया जाएगा। हलवे में सूजी, घी, चीनी और घिसा नारियल इस्तेमाल होगा।
उपमा में सूजी, तेल, मौसमी सब्जियां, मूंगफली, नमक और स्वादानुसार मसाले मिलाए जाएंगे। यह सामग्री मध्याह्न भोजन के अतिरिक्त दी जाएगी। वितरण के साक्ष्य के लिए विद्यालयों में फोटोग्राफ सुरक्षित रखे जाएंगे। योजना की निगरानी जिला और विकासखंड स्तर पर गठित टास्क फोर्स करेगी, जो विद्यालयों में पहुंचकर वितरण व्यवस्था का निरीक्षण करेगी।