कस्बे में रोकथाम और इलाज के बाद भी संक्रामक बीमारी चिकनपॉक्स थमने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को दूसरे मोहल्ले में भी बीमारी फैल गई। जिसमें करीब दस मरीज और चपेट में आ गए हैं।
बता दें कि शुक्रवार को इमामबाड़ा और सेखौड़ा मोहल्ले में आठ बच्चे चिकनपॉक्स से बीमार हो गए थे। सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी रोगियों का उपचार किया और रोकथाम के उपाय किए। इसके बाद पड़ोसी मोहल्ला बड़ी तकिया और छोटी तकिया में भी बीमारी ने पांव पसार दिया।
इन मोहल्लों में आदिल(10), सानिया(11), नेहा परवीन(13), नौशाद(30), पिंकी(25), इश्तेफाक(12), रेयाज(10), सरफराज(14) नावेद (एक वर्ष) और खिदरा (7) बीमारी की चपेट में आ गए हैं। सीएचसी अधीक्षक डाक्टर वीके तिवारी ने बताया कि डॉक्टर कलीम के नेतृत्व में लगी टीम सभी मरीजों का उपचार कर रही है। रोकथाम के उपाय भी कर रही है। उन्होंने बताया कि यह बीमारी एक सप्ताह बाद समाप्त हो जाती है।