बैंक में सफेद काली शर्ट पहने टप्पेबाज के साथ पैसा निकालता विमल।
- फोटो : बैंक में सफेद काली शर्ट पहने टप्पेबाज के साथ पैसा निकालता विमल।
जाफरगंज। थाना क्षेत्र के एक युवक से टप्पेबाज 97 हजार रुपये नकद और 35 हजार रुपये का मोबाइल फोन टप्पेबाजी कर ले गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू की है।
गांव जाफरगंज निवासी विमल सिंह की गांव में ही जलपान गृह की दुकान है। बुधवार रात को एक युवक उसकी दुकान पहुंचा। उसने बताया कि वह एक टावर कंपनी में काम करता है। उसके पास 70 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से डीजल है। उसे कम दाम में डीजल देने का प्रलोभन दिया। विमल सिंह ने अपने भतीजे अनिल सिंह को बुलाया। उसकी रजामंदी पर गुरुवार सुबह भतीजे को ट्रैक्टर पर ड्रम लदवाकर पेट्रोल पंप भेजा और स्वयं युवक के साथ बैंक पहुंचे। बैंक से 97 हजार रुपये निकालकर युवक को दिया। उसके बाद दोनों पेट्रोल पंप पहुंचे। युवक ने वीडियो बनाने की बात कहते हुए विमल सिंह से उसका 35 हजार रुपये का फोन ले लिया। भुगतान किए गए रुपये के हिसाब से कम ड्रम होने को लेकर युवक ने विमल सिंह से कुछ और ड्रम लाने के लिए कह कर दोनों बाइक से निकले। युवक लालपुर के पास गुटखा खाने के लिए बाइक से उतरा। काफी देर तक वापस न आने पर विमल को टप्पेबाजी का अहसास हुआ। टप्पेबाज ने नकद और मोबाइल कुल कीमत एक लाख 32 हजार की टप्पेबाजी की। उधर पेट्रोल पंप में अनिल सिंह ने 77 हजार का डीजल भरवा लिया था। पीड़ित ने गांव के लोगों को बुलाकर पेट्रोल पंप का हिसाब चुकता किया। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी। थाना प्रभारी सुरेश सिंह ने बताया घटना संज्ञान में है। टप्पेबाज की तलाश की जा रही है।