फतेहपुर। मंगेतर के साथ घूमने गई युवती को बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म के मामले में भाजपा कार्यकर्ता बबलू सिंह और उसके साथियों के खिलाफ पुलिस ने चार्जशीट तैयार की है। जल्द ही पुलिस आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करेगी।
खागा कोतवाली क्षेत्र स्थित एक बाग में 24 अप्रैल को मंगेतर संग घूमने गई युवती को भाजपा कार्यकर्ता बबलू सिंह ने अपने साथियों युवराज सिंह और ललित सिंह संग बंधक बना लिया था। आरोपी युवराज ने युवती से दुष्कर्म किया था। सहयोगी ललित और बबलू सिंह ने अश्लील हरकतें की और उनके अश्लील वीडियो बनाए थे और वायरल की धमकी देकर रुपये भी वसूले थे। पुलिस ने युवराज और ललित को गिरफ्तार कर किया था। भाजपा नेता बबलू सिंह करीब 11 दिन बाद मुठभेड़ में पकड़ा गया था। जांच दौरान पुलिस ने तीनों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की धारा बढ़ाई थी।
विवेचक संजय कुमार पांडेय ने आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट तैयार की है। पुलिस का दावा है कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जानी है। इसी वजह से चार्जशीट जल्द ही दाखिल कर दी जाएगी। इससे आरोपियों के खिलाफ जल्द ट्रायल शुरू हो सकेगा। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि वारदात में आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट तैयार हो चुकी है। जल्द ही चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जाएगी। इसके बाद गैंगस्टर व अन्य कार्रवाई होगी।