मौसम के मिजाज बदलते ही बुधवार को लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल गई। सुबह बारिश की फुहारों से पूरे दिन मौसम सुहाना रहा। गर्मी की समस्या से जूझ रहे लोगों ने राहत की सांस ली। दिनभर लोग छतों पर खुली हवा का आनंद उठाते दिखाई दिए। बच्चे भी मैदान में क्रिकेट खेलते रहे। वहीं बारिश की फुहार और आसमान पर बादल देख किसानों के चेहरे पर रौनक दिखाई देने लगी है।
आसमान पर बादल देख किसान खेतीबाड़ी की तैयारी में जुट गया है। किसान सुबह से खेतों में काम करते दिखाई दिए। धान, प्याज की नर्सरी बोने की तैयारी शुरू कर दी है। जिला कृषि अधिकारी रविकांत सिंह ने बताया कि मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सामान्य बारिश होगी। दो साल से पानी के संकट से जूझ रहे किसानों को राहत मिल जाएगी।
अगले सप्ताह अच्छी बारिश होने की संभावना है। इससे खरीफ में अरहर, तिल, उरद फसल की बुआई किसान समय से कर सकेंगे। धान की फसल में भी इस बार अच्छी पैदावार होगी। जिन किसानों ने धान की नर्सरी नहीं बोई है, वह अब बुवाई कर लें। ठंडे मौसम में नर्सरी जल्दी तैयार हो जाएगी।