शवगृह में रोती बिलखती बहन व अन्य परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
रेलवे स्टेशन पर झारखंड एक्सप्रेस की गति धीमी होने पर उतरने के लिए छात्रा नीचे कूद गई। ट्रेन की चपेट में आने से उसके पैर कट गए। जिला अस्पताल ले जाते वक्त छात्रा की रास्ते में ही मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
सोमवती (22) पुत्री रामसेवक मौर्या सुल्तानपुर घोष थाने के ऐरायां सादात ग्राम पंचायत के बगैचा की निवासी थी। वह इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में एमएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। पिता के साथ बुधवार को झारखंड एक्सप्रेस से घर लौट रही थी। खागा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के न रुकने पर पिता- पुत्री घबरा गए। ट्रेन को फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर रुकना था। उन्हें लग रहा था कि ट्रेन नहीं रुके गी।
स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर ट्रेन धीमी हुई। ट्रेन के न रुकने की आशंका में छात्रा प्लेटफार्म की ओर कूद गई। अनियंत्रित होने से वह ट्रैक पर चली गई। उसके दोनों पैर ट्रेन से कट गए। सूचना पर आरपीएफ व जीआरपी मौके पर पहुंची। छात्रा को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। यहां पर डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
शवगृह में बहन उर्मिला पत्नी दिनेश निवासी बेरागढ़ीवा हुसैनगंज ने बताया कि सोमवती के बचपन में ही मां की मौत हो गई थी। उसके बच्चे का बुधवार की शाम को जन्मदिन का कार्यक्रम है। बहन इसमें शामिल होने के लिए आ रही थी। वह तीन बहनों में सबसे छोटी थी। कोई सगा भाई नहीं है। जीआरपी एसओ हवलदार सिंह ने बताया कि छात्रा चलती ट्रेन से उतरने के चक्कर में गिरी है।