किसान दिवस में जानकारी देते डीएम
- फोटो : amarujala
विकास भवन सभागार में बुधवार को डीएम की अध्यक्षता में किसान दिवस हुआ। इसमें किसानाें ने बिजली, पानी और गेहूं खरीद जैसी बुनियादी समस्याएं उर्ठाइं। किसानों ने अंदौली साधन सहकारी समिति खरीद केंद्र में 10 किलो प्रति क्विंटल गेहूं लेने का आरोप लगाया। सहकारी समिति बरारी बिलंदा में गेहूं खरीद केंद्र बनाने की मांग की।
डीएम मदन पाल आर्य ने कहा कि सरकार किसान हित में काम कर रही है। किसानों की समस्याएं प्राथमिकता से हल किया जाए। अगर किसी प्रकार की परेशानी है तो किसान दिवस का इंतजार न करें। कार्यालय में आकर अपनी समस्याएं बताएं। संबंधित अधिकारी से तुरंत निस्तारण कराया जाएगा।
सीडीओ सी. इंदुमति ने नहर विभाग के अधिशासी अभियंताओं से पानी भराए गए तालाबों की सूची मांगी। कहा कि इन तालाबों की जांच कराई जाएगी। अगर पानी नहीं मिला तो कार्रवाई की जाएगी। जिला कृषि अधिकारी रविकांत सिंह ने कहा कि ढैंचा और धान का बीज राजकीय कृषि बीज भंडार में पहुंच गया है। बीज खरीदने वाले किसानों को डीबीटी से अनुदान की धनराशि भेजी जाएगी। इस मौके पर भाकियू जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह गौतम, लोकनाथ पांडेय, मोतीलाल, जयदेव सिंह गौतम, रणविजय सिंह, मनीष तिवारी, डिप्टी आरएमओ आरके त्रिपाठी, जिला उद्यान विभाग से विजय किशोर मौजूद रहे।